मध्यप्रदेश में सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो रही है। शनिवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक उमरिया में 15 मिलीमीटर, रीवा में 9 मिलीमीटर, भोपाल में 6 मिलीमीटर, सतना में 4 मिलीमीटर, बैतूल और दतिया में 3-3 मिलीमीटर और सीधी में 1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 34 डिग्री सेल्सियस श्योपुर में रिकॉर्ड किया गया।
रविवार को भी बरसात के आसार
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, रविवार को रीवा, शहडोल, जबलपुर, भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा, एक सप्ताह बाद मानसून के पुनः सक्रिय होने की संभावना बनी हुई है।
वर्तमान में उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर गहरा कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जो पश्चिमी झारखंड, दक्षिणी बिहार और दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है। यह मौसम प्रणाली रविवार तक बिहार पहुंच सकती है। इसके साथ ही विदर्भ क्षेत्र तक एक द्रोणिका सक्रिय है। अरब सागर में बना गहरा अवदाब अब चक्रवाती तूफान की शक्ति में परिवर्तित हो गया है और पश्चिम-मध्य अरब सागर की ओर बढ़ रहा है। इन सभी मौसम प्रणालियों के प्रभाव से मध्यप्रदेश में तीन-चार दिन तक वर्षा जारी रहने की संभावना है, जिसके बाद मौसम साफ होने के संकेत मिल रहे हैं।
Comments (0)