विदिशा! मध्यप्रदेश में एक बार फिर शहर के नाम बदलने की चर्चा तेज हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विदिशा जिले के शमशाबाद में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब शमशाबाद को ‘सूर्यनगर’ के नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा ‘कृषक हितग्राही सम्मेलन’ में जनता को संबोधित करते हुए की।
जनता की मांग पर बदलेगा नाम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को विदिशा जिले के शमशाबाद में आयोजित ‘कृषक हितग्राही सम्मेलन’ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। कार्यक्रम में संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों की मांग के अनुसार शमशाबाद का नाम बदलकर सूर्यनगर किया जाएगा। जैसे ही यह घोषणा हुई, कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों की गूंज के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
विधायक ने उठाई थी नाम बदलने की मांग
कार्यक्रम के दौरान शमशाबाद के विधायक सूर्य प्रकाश मीणा ने मुख्यमंत्री से क्षेत्र का नाम बदलने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र पहले सूर्यनगर के नाम से जाना जाता था, लेकिन बाद में कुछ आक्रांताओं के समय इसका नाम बदलकर शमशाबाद कर दिया गया। विधायक की इस मांग का समर्थन क्षेत्र की सांसद लता वानखेड़े ने भी किया। दोनों जनप्रतिनिधियों की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला पंचायत से प्रस्ताव भेजा जाए, जिसके बाद औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर शमशाबाद का नाम सूर्यनगर किया जाएगा।
विकास कार्यों के लिए 3 करोड़ की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने नगर परिषद को 3 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में नए बिजली सब-स्टेशन का निर्माण, संजय सागर बांध और सगड़ बांध से सिंचाई परियोजना शुरू की जाएगी, जिससे किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
किसानों के लिए सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। सिंचाई परियोजनाओं और बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाकर किसानों की उत्पादन क्षमता और आय बढ़ाने पर सरकार का विशेष फोकस है।
Comments (0)