रायपुर। ‘संवाद से समाधान’ कार्यक्रम के तहत पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने C-4 सभाकक्ष में राजेंद्र नगर स्थित अर्पण दिव्यांग पब्लिक स्कूल के बच्चों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ सहज माहौल में बातचीत की और उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी ली।
बच्चों से सीखी साइन लैंग्वेज की बेसिक बातें
मुलाकात के दौरान पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने बच्चों से साइन लैंग्वेज की बुनियादी बातें सीखीं। बच्चों ने भी उन्हें साइन लैंग्वेज के माध्यम से संवाद करने के तरीके बताए। इस दौरान कमिश्नर ने बच्चों के साथ घुल-मिलकर बातचीत की और उनका उत्साह बढ़ाया।
पुलिस कंट्रोल रूम और सिविल लाइन थाने का कराया भ्रमण
कार्यक्रम के तहत बच्चों को पुलिस कंट्रोल रूम और सिविल लाइन थाने का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। बच्चों ने पुलिस की कार्यप्रणाली, कंट्रोल रूम की व्यवस्था और थाने में होने वाली विभिन्न गतिविधियों को करीब से समझा। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को आवश्यक जानकारी भी दी।
पढ़ाई और दैनिक गतिविधियों की ली जानकारी
पुलिस कमिश्नर ने बच्चों से उनकी स्कूलिंग, प्रशिक्षण और दैनिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों की रुचियों और उनकी दिनचर्या को समझने के लिए उनसे कई सहज सवाल किए। बातचीत के दौरान बच्चों ने भी बेझिझक अपनी बातें पुलिस कमिश्नर के सामने रखीं।
आत्मविश्वास से पुलिस अधिकारियों से किया संवाद
अर्पण दिव्यांग पब्लिक स्कूल के बच्चों ने पुलिस अधिकारियों के साथ पूरे आत्मविश्वास और परिपक्वता के साथ बातचीत की। बच्चों ने अपनी पसंद और रुचियों के बारे में भी बताया। उन्होंने क्रिकेट और फिल्मों के प्रति अपनी विशेष रुचि साझा की, जिस पर पुलिस अधिकारियों ने भी बच्चों के साथ सहजता से संवाद किया।
बच्चों के साथ समय बिताना रहा सुखद अनुभव
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि व्यस्त दिनचर्या के बीच बच्चों के साथ समय बिताना बेहद सुखद और सकारात्मक अनुभव रहा। बच्चों के उत्साह, आत्मविश्वास और सहज व्यवहार ने अधिकारियों को नई ऊर्जा दी। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करना भी रहा।