रायपुर: राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास कपड़ा व्यापारी से हुई लाखों रुपये की उठाईगिरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों मनीष यदु और कमलेश कुशवाहा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई पूरी राशि बरामद कर ली गई है। वहीं, रकम के कुछ हिस्से को बैंक खातों में जमा किए जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तीन बैंक खातों को फ्रीज कराया है।
एक सप्ताह तक की थी कपड़ा व्यापारी की रेकी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले करीब एक सप्ताह तक कपड़ा व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखी थी। पूरी योजना बनाने के बाद उन्होंने 9 अक्टूबर को घटना को अंजाम दिया। वारदात के बाद पुलिस से पहचान छिपाने के लिए आरोपी बार-बार कपड़े बदल रहे थे। साथ ही सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे।
सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर), पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन), एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास से लेकर आरोपियों की गतिविधियों से जुड़े संभावित रास्तों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। लगातार जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
गीजर, टीवी और बच्चों के खिलौनों में छिपाई रकम
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी की गई रकम को छिपाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए थे। नकदी का कुछ हिस्सा गीजर और टीवी के पीछे, जबकि कुछ रकम बच्चों के खिलौनों में छिपाकर रखी गई थी। इसके अलावा चोरी की गई राशि का कुछ हिस्सा बैंक खातों में भी जमा किया गया था। पुलिस ने तीन बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है।
पान खाने रुके व्यापारी की एक्टिवा से उड़ाए थे लाखों रुपये
जानकारी के मुताबिक, 9 अक्टूबर को कपड़ा व्यापारी किशोर बलवानी कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास पान खाने के लिए रुके थे। इसी दौरान उनकी खड़ी एक्टिवा में रखे झोले से अज्ञात आरोपी लाखों रुपये लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद व्यापारी की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मनीष यदु के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। वह जुआ और सट्टा खेलने का आदी बताया गया है। उसके खिलाफ सिविल लाइन थाने में मारपीट और जुआ एक्ट से जुड़ा मामला दर्ज होने के बाद जेल जाने की जानकारी भी सामने आई है। वर्ष 2012 में उसने आजाद चौक थाने में नकदी लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं, दूसरे आरोपी कमलेश कुशवाहा के खिलाफ भी सिविल लाइन थाने में मारपीट का मामला दर्ज रहा है और वह पहले जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
मनीष यदु — निवासी गुरु कृपा किराना स्टोर के पास, सेक्टर-2, डीडी नगर, रायपुर।
कमलेश कुशवाहा — निवासी भारत माता स्कूल चर्च के पास, टाटीबंध, थाना आमानाका, रायपुर।