रायपुर। राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में चाकूबाजी की गंभीर घटना सामने आई है। यहां तीन नाबालिग युवकों ने 18 वर्षीय सावन सेन पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सावन की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने तीनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
परिजनों के साथ संप्रेक्षण गृह पहुंचा था सावन
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम अश्वनी नगर, पुरानी बस्ती निवासी सावन सेन अपने परिजनों के साथ एक मामले में संप्रेक्षण गृह में मिलने पहुंचा था। इसी दौरान संप्रेक्षण गृह परिसर के भीतर ही सुभाष नगर, सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के देवार डेरा में रहने वाले तीन नाबालिग युवकों ने उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।
मेकाहारा पहुंचने से पहले तोड़ा दम
हमले में सावन गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और अन्य लोग उसे तत्काल माना से रायपुर के मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
तीनों नाबालिग आरोपी पुलिस हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और तीनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बाल संप्रेक्षण गृह परिसर के भीतर हुई इस जानलेवा वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर परिसर के भीतर चाकू लेकर हमला कैसे हुआ, पुलिस इसकी जांच कर रही है।