लखनऊ | उत्तर प्रदेश में धनतेरस से छठ पूजा तक बिजली कटौती नहीं होगी। त्योहारों के दौरान शहरों से लेकर गांवों तक 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने और शिकायतों का तत्काल समाधान करने को कहा है।
बिजली बाधित होने पर तुरंत बहाल होगी आपूर्ति
प्रमुख सचिव ने निर्देश दिए हैं कि त्योहारों के दौरान किसी भी इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित होने पर तत्काल बहाली की व्यवस्था की जाए। इसके लिए पर्याप्त संख्या में मरम्मत गैंग हर समय तैयार रहेंगे। अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन पर उपलब्ध रहने के निर्देश भी दिए गए हैं।
ट्रांसफार्मर और बिजली लाइनों की होगी पेट्रोलिंग
बिजली व्यवस्था में खराबी रोकने के लिए ट्रांसफार्मर, फीडर और लोड की नियमित पेट्रोलिंग की जाएगी। ढीले तारों और झुके बिजली के खंभों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। घरों की छतों के पास से गुजर रहे बिजली के तारों को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप करने को कहा गया है।
मेला और सार्वजनिक आयोजनों में विशेष सतर्कता
त्योहारों के दौरान लगने वाले मेलों और सार्वजनिक आयोजनों में बिजली सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों को भी तय समय सीमा में हटाने को कहा गया है।
बिजली शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम
बिजली से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए डिस्कॉम से लेकर जिला स्तर तक कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। बिजली हेल्पलाइन 1912 की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं की शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई हो सके। सरकार का लक्ष्य त्योहारों के दौरान प्रदेशभर में बिजली आपूर्ति सुचारु रखना और किसी भी तकनीकी समस्या का जल्द समाधान करना है।