खड़गपुर: पश्चिम मेदिनीपुर: पश्चिम बंगाल के खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रेलवे पुलिस ने एक यात्री के पास से ₹1 करोड़ 40 लाख नकद बरामद किए। इस मामले में पुलिस ने हावड़ा निवासी राहुल सोनी नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया है। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।
गुप्त सूचना के आधार पर GRP की कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, टाटा से हावड़ा जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस जब खड़गपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर पहुंची, तभी एक यात्री ट्रेन से नीचे उतरा। पहले से मिली गुप्त सूचना के आधार पर खड़गपुर जीआरपी की टीम ने उसे रोककर तलाशी ली। इस दौरान उसके पास से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई।
मौके पर जारी रही नोटों की गिनती
पुलिस के मुताबिक, बरामद नकदी की कुल रकम करीब ₹1 करोड़ 40 लाख बताई जा रही है। घटना के बाद प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर ही नोटों की गिनती का काम शुरू किया गया। इतनी बड़ी रकम मिलने से स्टेशन परिसर में लोगों के बीच भी चर्चा तेज हो गई।
रकम के स्रोत और ठिकाने की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि राहुल सोनी के पास इतनी बड़ी रकम कहां से आई थी और वह इसे किस उद्देश्य से हावड़ा ले जा रहा था। खड़गपुर जीआरपी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही नकदी से जुड़े पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।