लखनऊ: उत्तरप्रदेश की योगी सरकार ने दिवाली से पहले सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पात्र कर्मचारियों को 30 दिन का बोनस देने का ऐलान किया गया है। राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद गुरुवार को वित्त विभाग के प्रमुख सचिव ने इसका शासनादेश जारी कर दिया। इस फैसले से प्रदेश के करीब 14.82 लाख अराजपत्रित कर्मचारियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। पात्र कर्मचारियों को अधिकतम 6,908 रुपए बोनस दिया जाएगा। इसमें ग्रुप C, ग्रुप D और वर्कचार्ज कर्मचारी भी शामिल हैं।
14.82 लाख कर्मचारियों को मिलेगा दिवाली बोनस
योगी सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लाखों सरकारी कर्मचारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 30 दिन के बोनस को मंजूरी दी गई है।इसमें अराजपत्रित कर्मचारियों के साथ ग्रुप C, ग्रुप D और वर्कचार्ज कर्मचारी भी शामिल होंगे। सरकार के आदेश के अनुसार, पात्र कर्मचारियों को निर्धारित नियमों के तहत बोनस दिया जाएगा।
अधिकतम 6,908 रुपए मिलेगा बोनस
सरकार ने बोनस की गणना के लिए अधिकतम मासिक वेतन 7,000 रुपए निर्धारित किया है।इसी आधार पर 30 दिन के बोनस की अधिकतम राशि 6,908 रुपए तय की गई है। यानी पात्र कर्मचारियों को अधिकतम इतनी रकम का लाभ मिलेगा।
लेवल-8 तक के कर्मचारी होंगे पात्र
बोनस के लिए वे कर्मचारी पात्र होंगे, जिन्हें 47,600 रुपए से 1,51,100 रुपए तक का वेतनमान मिलता है।इसके अलावा पुराने वेतनमान में 4,800 रुपए ग्रेड पे तक के अराजपत्रित कर्मचारियों को भी बोनस के दायरे में रखा गया है।
दैनिक वेतनभोगियों को भी मिलेगा बोनस
योगी सरकार ने दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी बोनस देने का फैसला किया है। हालांकि, इसके लिए कुछ शर्तें निर्धारित की गई हैं।
कर्मचारी ने लगातार तीन साल तक काम किया हो।
छह दिन के कार्य सप्ताह में हर साल कम से कम 240 दिन काम किया हो।
पांच दिन के कार्य सप्ताह में हर साल कम से कम 206 दिन काम किया हो।
इन शर्तों को पूरा करने वाले दैनिक वेतनभोगियों को अधिकतम 1,184 रुपए बोनस मिलेगा।
राज्यपाल की मंजूरी के बाद जारी हुआ आदेश
दिवाली बोनस के प्रस्ताव को राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद वित्त विभाग ने शासनादेश जारी कर दिया है। वित्त विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने गुरुवार को आदेश जारी किया।सरकार के इस फैसले से दिवाली के मौके पर लाखों कर्मचारियों को अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिलेगी।