भोपाल | मध्यप्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र दिसंबर के दूसरे सप्ताह में शुरू होने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा का सत्र 7 दिसंबर 2026 से बुलाया जा सकता है। यह सत्र करीब पांच दिन का हो सकता है। हालांकि, सत्र की तारीख और अवधि को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
द्वितीय अनुपूरक बजट पेश करेगी सरकार
शीतकालीन सत्र के दौरान राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का द्वितीय अनुपूरक बजट पेश कर सकती है। इसके अलावा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
पंचायत राज अधिनियम और कॉलोनाइजर एक्ट में संशोधन की तैयारी
सत्र में पंचायत राज अधिनियम में संशोधन का प्रस्ताव लाए जाने की संभावना है। वहीं, नगरीय प्रशासन विभाग कॉलोनाइजर एक्ट में संशोधन से जुड़ा प्रस्ताव भी पेश कर सकता है। इन प्रस्तावों पर सदन में चर्चा और आगे की विधायी प्रक्रिया हो सकती है।
पूरी तरह डिजिटल होगा विधानसभा सत्र
इस बार विधानसभा का शीतकालीन सत्र पूरी तरह डिजिटल होने की बात कही जा रही है। इसके तहत सदन की कार्यवाही और विधायी कामकाज में डिजिटल व्यवस्था का इस्तेमाल किया जाएगा।