धार्मिक समाचार | इस बार तिथियों के फेर के चलते दीपोत्सव का पर्व छह दिनों तक मनाया जाएगा। 6 नवंबर को धनतेरस के साथ उत्सव की शुरुआत होगी। इसके बाद 7 नवंबर को रूप चतुर्दशी और 8 नवंबर को दीपावली पर महालक्ष्मी पूजन किया जाएगा। वहीं, 9 नवंबर को सोमवती अमावस्या, 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव तथा 11 नवंबर को चित्रगुप्त पूजन के साथ भाई दूज मनाई जाएगी।
धनतेरस पर खरीदारी के शुभ मुहूर्त
ब्रह्म शक्ति ज्योतिष संस्थान के ज्योतिषाचार्य पंडित जगदीश शर्मा के अनुसार, धनतेरस पर खरीदारी के लिए दोपहर 12:04 से 1:28 बजे और शाम 4:15 से 5:39 बजे तक शुभ चौघड़िया रहेगा। इसके अलावा रात में लाभ चौघड़िया का समय 8:52 से 10:28 बजे तक बताया गया है। ज्योतिषाचार्य के मुताबिक, धनतेरस पर त्रयोदशी तिथि 6 नवंबर को सुबह 10:31 बजे शुरू होकर 7 नवंबर को सुबह 10:48 बजे तक रहेगी।
धन्वंतरि और महालक्ष्मी पूजन का विशेष समय
पंडित जगदीश शर्मा ने बताया कि धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि के पूजन के लिए प्रदोष काल शाम 5:39 से रात 8:13 बजे तक रहेगा। वहीं, वृषभ लग्न में महालक्ष्मी और धन्वंतरि पूजन का विशेष मुहूर्त शाम 6:11 से रात 8:09 बजे तक बताया गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, धनतेरस पर सोना, चांदी, बर्तन और नई वस्तुओं की खरीदारी करना शुभ माना जाता है। इस दिन भगवान धन्वंतरि की पूजा कर लोग अच्छे स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना करते हैं।