रायपुर: राजधानी रायपुर में सूखे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुशलपुर स्थित पहाड़ी तालाब के पास पुलिस ने नशीली टैबलेट बेचने की फिराक में घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, टैबलेट खरीदने पहुंचे एक अन्य व्यक्ति को भी पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 170 नशीली टैबलेट, एक स्कूटर और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत डेढ़ लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
अभय मिश्रा और राहुल सिंह ठाकुर गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय मिश्रा और राहुल सिंह ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुशलपुर के पहाड़ी तालाब के पास नशीली टैबलेट की बिक्री की तैयारी की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।
नशीली टैबलेट की सप्लाई नेटवर्क की जांच
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशीली टैबलेट कहां से लाई गई थीं और इनके अवैध कारोबार में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। पुलिस सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी है।