रायपुर। त्योहारी सीजन के दौरान राजधानी रायपुर में अवैध हथियार लेकर आम नागरिकों को डराने-धमकाने और दहशत फैलाने वाले युवक को सरस्वती नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया है।
डुमर तालाब रोड पर कट्टा लेकर फैला रहा था दहशत
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि डुमर तालाब रोड के पास कुकुरबेड़ा में एक युवक हाथ में अवैध देशी कट्टा लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पहुंची पुलिस टीम
पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) रॉबिन्सन गुरिया और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के निर्देशन तथा एसीपी मानसी नानाभाऊ साकोरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक चेतन सिंह चन्द्राकर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा, देशी कट्टा बरामद
पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना सरस्वती नगर में धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मध्यप्रदेश का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप बसोर (23 वर्ष), पिता पंचम लाल, निवासी ग्राम बहरैचा, वार्ड क्रमांक 07, मंदिर के पास, सोनौरी, जिला रीवा (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में केडिया बिजनेस पार्क, टाटीबंध, थाना आमानाका, रायपुर में रह रहा था।