पांढुर्णा, छिंदवाड़ा
पांढुर्णा प्रवास पर पहुंचीं पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती से मंगलवार को हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मुलाकात कर पुलिस की निष्क्रियता को लेकर शिकायत की। अश्लील वीडियो वायरल मामले में तीन दिन से कार्रवाई न होने पर उमा भारती ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि पुलिस आपकी बात नहीं सुन रही है, तो लोकतांत्रिक तरीके से थाने का घेराव करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वर्दीधारी जनता की सुरक्षा के लिए हैं और उन्हें अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने चाहिए।
तीन दिन से कार्रवाई न होने पर आक्रोश
हिंदूवादी संगठन के कमलेश राठौर सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि एक नाबालिग द्वारा अश्लील वीडियो वायरल किए जाने के मामले में पुलिस ने केवल मामूली धाराओं में केस दर्ज किया है। उनका आरोप है कि मुख्य आरोपियों को बचाया जा रहा है और लगातार शिकायत के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। यह मुलाकात उस घटना के बाद हुई, जब सोमवार की घटना के संदर्भ में वीडियो मंगलवार को वायरल हुआ। उस समय उमा भारती भोपाल से नागपुर जाते हुए पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में रुकी थीं।
सबूत सौंपें, संवैधानिक तरीके अपनाएं
उमा भारती ने कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि वे मामले से जुड़े सभी साक्ष्य पुलिस को सौंपें और दबाव बनाने के लिए संवैधानिक तरीकों का सहारा लें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के पास अपनी बात रखने के कई अधिकार हैं, जिनमें शांतिपूर्ण विरोध और थाने का घेराव भी शामिल है। पूर्व मुख्यमंत्री के बयान के बाद स्थानीय संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वे पुलिस प्रशासन के खिलाफ आंदोलन शुरू करेंगे।
Comments (0)