चोर्नोमोर्स्क: यूक्रेन के ब्लैक सी (काला सागर) तट पर स्थित चोर्नोमोर्स्क पोर्ट पर तंजानिया के झंडे वाले मालवाहक जहाज 'एम.वी. अमीर 1' (M.V. AMIR1) पर 13 भारतीय नाविकों समेत कुल 15 क्रू मेंबर्स बेहद खतरनाक स्थिति में फंसे हुए हैं। 'फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया' (FSUI) ने सोशल मीडिया पर इस स्थिति को "अत्यंत गंभीर और जानलेवा" बताते हुए भारत सरकार और अंतर्राष्ट्रीय अधिकारियों से तत्काल मदद की गुहार लगाई है।
लगातार ड्रोन और मिसाइल हमलों से बना सीधा खतरा
यूनियन के अनुसार, बंदरगाह और जहाज के बिल्कुल करीब लगातार ड्रोन और मिसाइल से हमले किए जा रहे हैं। जहाज पर सवार नाविक हर पल सीधे मिसाइल या ड्रोन हमले की चपेट में आने के खौफ में जी रहे हैं। यूनियन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारतीय नाविकों को युद्ध क्षेत्र में 'आसान शिकार' (Sitting Targets) बनने के लिए नहीं छोड़ा जाना चाहिए।
सुरक्षित वतन वापसी और भारत सरकार से अपील
FSUI ने भारत सरकार, विदेश मंत्रालय, जहाज के मालिक और फ्लैग स्टेट अधिकारियों से त्वरित कदम उठाकर सभी नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनकी सुरक्षित वतन वापसी (Repatriation) कराने का आग्रह किया है। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब हाल ही में ब्लैक सी क्षेत्र में भारतीय नाविकों को लेकर गुजरने वाले अन्य जहाजों पर भी हमले की घटनाएं दर्ज की गई हैं।