भारत ने संयुक्त राष्ट्र (UN) में पाकिस्तान को आड़े हाथों लिया और उससे सीमा पार आतंकवाद को रोकने, अपनी धरती पर आतंकी ढांचे को नष्ट करने और उसके अवैध कब्जे वाले भारतीय क्षेत्रों (PoK) को खाली करने का आग्रह किया। भारत ने UNGA में पाकिस्तान के भाषण का जवाब देने के अपने अधिकार का प्रयोग किया और नई दिल्ली के खिलाफ विरोधी प्रचार करने के लिए अंतरराष्ट्रीय मंचों का बार-बार दुरुपयोग करने के लिए इस्लामाबाद पर हमला बोला।
जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है
संयुक्त राष्ट्र में भारत ने कहा कि, जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और पाकिस्तान को इस मुद्दे पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है। UNGA की दूसरी समिति के लिए संयुक्त राष्ट्र में प्रथम सचिव, पेटल गहलोत ने कहा कि, जब भारत के खिलाफ आधारहीन और दुर्भावनापूर्ण प्रचार करने के लिए इस मंच का दुरुपयोग करने की बात आती है, तो पाकिस्तान एक आदतन अपराधी बन चुका है।
POK खाली करे पाकिस्तान
पेटल गहलोत ने कहा कि, हम दोहराते हैं कि, जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) भारत का अभिन्न अंग हैं। पाकिस्तान को हमारे घरेलू मामलों पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है उन्होंने कहा कि, दक्षिण एशिया में शांति के लिए, पाकिस्तान को 3 कदम उठाने होंगे। पहला, सीमा पार आतंकवाद को रोकना और उसके आतंकवाद के बुनियादी ढांचे को तुरंत बंद करना। दूसरा, उसके अवैध और जबरन कब्जे वाले भारतीय क्षेत्रों को खाली करना और तीसरा, पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के खिलाफ गंभीर और लगातार मानवाधिकारों के उल्लंघन को रोके।
पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों की स्थिति दयनीय है
वहीं आगे गहलोत ने पाकिस्तान को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि, पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों, विशेषकर हिंदू, सिख और ईसाइयों की महिलाओं की स्थिति दयनीय बनी हुई है। पाक के अपने मानवाधिकार आयोग द्वारा प्रकाशित एक हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में हर बर्ष अल्पसंख्यक समुदायों की अनुमानित 1,000 महिलाओं को अपहरण, जबरन धर्म परिवर्तन और विवाह का शिकार बनाया जाता है। उन्होंने आगे पाक पर हमला बोलते हुए कहा कि, पाकिस्तान विश्व में सबसे बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित आतंकवादी संस्थाओं और व्यक्तियों का घर और संरक्षक रहा है।
Comments (0)