अमेरिका-इज़राइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष का आज 20वां दिन है। ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई ने धमकी दी है कि वे सिक्योरिटी चीफ अली लारीजानी की हत्या का बदला लेंगे। सरकारी मीडिया के अनुसार, खामेनेई ने कहा कि लारीजानी की हत्या के जिम्मेदार लोगों को इसकी कीमत चुकानी होगी। उन्होंने लारीजानी को 'देशभक्त' नेता बताया और कहा कि उनकी हत्या यह दिखाती है कि दुश्मन उन्हें कितना अहम मानते थे।
खामेनेई ने चेतावनी दी कि “हर खून की एक कीमत होती है” और शहीदों के खून का हिसाब जल्द लिया जाएगा। उनका कहना है कि ऐसे हमले ईरान को कमजोर नहीं बल्कि और मजबूत करेंगे।
साउथ पार्स गैस फील्ड पर हमला
बुधवार को अमेरिका और इज़राइल ने दक्षिणी ईरान में साउथ पार्स गैस फील्ड और असालुयेह शहर की तेल-गैस सुविधाओं पर एयरस्ट्राइक किया। साउथ पार्स को दुनिया की सबसे बड़ी प्राकृतिक गैस फील्ड माना जाता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, हमले में गैस के साथ-साथ पेट्रोकेमिकल और तेल इंफ्रास्ट्रक्चर को भी निशाना बनाया गया। इजराइली मीडिया ने बुशहर क्षेत्र में स्थित गैस फैसिलिटी पर हमले की पुष्टि की।
इजराइल के 'सरप्राइज' और ईरान की चेतावनी
इससे पहले, इजराइल के रक्षा मंत्री ने कहा था कि आज ईरान और लेबनान में ‘बड़े सरप्राइज’ देखने को मिल सकते हैं। इसके जवाब में ईरान ने खाड़ी देशों में बड़े हमलों की चेतावनी दी। IRGC ने लोगों से सऊदी अरब, UAE और कतर के प्रमुख तेल और गैस ठिकानों से दूर रहने को कहा। वहीं, कतर ने ईरान के गैस फील्ड पर हमले की निंदा की।
ट्रम्प का बयान
पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि साउथ पार्स गैस फील्ड पर इज़राइल ने गुस्से में हमला किया और अमेरिका को इस हमले के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। विशेषज्ञों का मानना है कि इस हमले से खाड़ी क्षेत्र की ऊर्जा सुरक्षा पर असर पड़ेगा और वैश्विक तेल व गैस की कीमतों में तेजी आ सकती है।
Comments (0)