खारतूम: सूडान (Sudan Crisis) की सेना ने मंगलवार शाम से 24 घंटे के संघर्ष विराम पर सहमति जता दी है। कुछ घंटे पहले विद्रोही अर्धसैनिक बलों ने कहा कि वे भी समझौते का पालन करेंगे। उपग्रह चैनल अल-अरबिया और अल-जजीरा ने शीर्ष सैन्य अधिकारी शम्स एल डिन कब्बाशी का हवाला देते हुए अपनी रिपोर्ट में कहा है कि सेना संघर्ष विराम का पालन करेगी। भीषण संघर्ष को देखते हुए सूडान में भारतीय दूतावास ने परामर्श जारी कर भारतीय नागरिकों से बाहर नहीं निकलने को कहा है।
185 से अधिक लोगों की मौत
राजधानी खारतूम और अन्य बड़े शहरों में संघर्ष में शनिवार से फंसे लाखों सूडानी (Sudan Crisis) नागरिक अपने घरों में छिपे हुए हैं। इससे पहले सूडान के लिए संयुक्त राष्ट्र महासचिव के विशेष प्रतिनिधि वोल्कर पर्थेस ने कहा कि संघर्ष में 185 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि संघर्ष में अभी तक 1,800 से अधिक लोग घायल हुए हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री, संयुक्त राष्ट्र महासचिव, यूरोपीय संघ के विदेश नीति प्रमुख, अरब लीग के प्रमुख सहित शीर्ष राजनयिकों ने दोनों पक्षों से लड़ाई बंद करने का आहृवान किया। पिछले दिनों खारतूम में लड़ाकों ने अमेरिकी दूतावास के काफिले पर हमला कर दिया और यूरोपीय संघ के राजदूत एडन ओहारा के घर में घुस गए थे। ओहारा आयरलैंड के राजनियक हैं। हालांकि इन दोनों घटनाओं में कोई हताहत नहीं हुआ।
ये है मामला
उल्लेखनीय है कि सूडान में सशस्त्र बलों के कमांडर जनरल अब्देल फतह अल-बुरहानऔर अर्धसैनिक समूह, रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (आरएसएफ) के प्रमुख जनरल मोहम्मद हमदान डागालो के बीच शक्ति संघर्ष चल रहा है। दोनों पूर्व सहयोगी रहे हैं और 2021 में उन्होंने सैन्य तख्तापलट किया था।
कर्नाटक की हक्की पिक्की जनजाति के फंसे 31 लोग
सूडान (Sudan Crisis) में कर्नाटक की हक्की पिक्की जनजाति के भी 31 लोग फंसे हैं। कर्नाटक आपदा प्रबंधन प्राधिकरण आयुक्त मनोज रंजन ने कहा कि हमने विदेश मंत्रालय को इसकी सूचना दे दी है।
Comments (0)