केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कतर में होने वाली कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर नया सर्कुलर जारी किया है। कतर में भारतीय दूतावास के माध्यम से जारी सूचना के अनुसार, खाड़ी क्षेत्र के मौजूदा हालात को देखते हुए दोहा के संबद्ध स्कूलों में 12 मार्च से 16 मार्च के बीच होने वाली 12वीं की परीक्षाएं फिलहाल टाल दी गई हैं।
अफवाहों से बचें
सीबीएसई ने कहा है कि परीक्षाओं की नई तारीखें जल्द घोषित की जाएंगी। बोर्ड 14 मार्च को स्थिति की समीक्षा करेगा और 16 मार्च के बाद होने वाली परीक्षाओं पर फैसला लिया जाएगा। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपने स्कूलों से संपर्क में रहें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें, अफवाहों से बचें।
सर्कुलर जारी किया
इससे पहले 7 मार्च को भी सीबीएसई ने एक सर्कुलर जारी कर मध्य पूर्व के कई देशों में 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित करने की जानकारी दी थी। इनमें बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई शामिल हैं। बोर्ड ने बताया था कि क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए 9 मार्च, 10 मार्च और 11 मार्च 2026 को होने वाली परीक्षाएं टाल दी गई थीं। इससे पहले 3 मार्च को भी एक सर्कुलर जारी कर परीक्षाएं रोकने का फैसला लिया गया था।
बोर्ड ने हालात की समीक्षा की
सीबीएसई के अनुसार 5 मार्च और 6 मार्च को निर्धारित कक्षा 10 और 12 की परीक्षाएं भी इन देशों में स्थगित कर दी गई थीं। बोर्ड ने हालात की लगातार समीक्षा करते हुए 1 मार्च, 3 मार्च, 5 मार्च और 7 मार्च को अलग-अलग नोटिस जारी कर परीक्षाओं को टालने और रद्द करने के निर्णय लिए हैं।
Comments (0)