चीन के पूर्वी फुजियान प्रांत के जिनजियांग शहर में गुरुवार को एक जूता निर्माण कारखाने में भीषण आग लगने से 28 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर राहत एवं बचाव कार्य तेज़ी से चलाया गया। आग लगने की सूचना मिलते ही चीन के आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने बचाव कार्यों की निगरानी और समन्वय के लिए संयुक्त कार्यदल को घटनास्थल पर भेज दिया।
दोपहर में लगी आग, राहत-बचाव अभियान जारी
मंत्रालय के अनुसार, आग दोपहर करीब 12 बजे कारखाने में लगी। आग तेजी से फैलने के कारण कई कर्मचारी अंदर फंस गए। दमकल और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने, लोगों को सुरक्षित निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का अभियान शुरू किया।
राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने दिए जांच के निर्देश
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बचाव अभियान में कोई कमी न रहे और हादसे के कारणों की जल्द से जल्द जांच की जाए। उन्होंने कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इमारत की निचली मंजिलों से तेजी से फैली आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग सबसे पहले इमारत की निचली मंजिलों में भड़की, जिसके बाद पूरे परिसर में धुआं और लपटें फैल गईं। जान बचाने के लिए कई लोग खिड़कियों और छत की ओर भागते दिखाई दिए। बचाव दल लगातार फंसे हुए लोगों की तलाश और राहत कार्य में जुटा हुआ है।
हादसे के कारणों की होगी विस्तृत जांच
चीन के आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने कहा कि आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों की समीक्षा भी की जाएगी।