अमेरिका - अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने कैलिफोर्निया के आर्केडिया शहर की मेयर ईलीन वांग पर चीन के लिए अवैध एजेंट के तौर पर काम करने का गंभीर आरोप लगाया है। संघीय अदालत में वांग के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
वांग ने प्रॉपेगैंडा फैलाया
FBI के मुताबिक, ईलीन वांग ने साल 2020 से 2022 के बीच चीन सरकार के अधिकारियों के निर्देश पर काम किया और अमेरिका में चीन के हितों को बढ़ावा देने की कोशिश की। वांग पर हुए इस खुलासे के बाद अमेरिकी प्रशासन के होश उड़े हुए हैं। FBI के मुताबिक, ईलीन वांग और याओनिंग 'माइक' सन नाम के शख्स ने चीन की सरकार के इशारे पर अमेरिका में रह रहे कुछ लोगों के साथ मिलकर जमकर प्रॉपेगैंडा फैलाया।
वांग ने आरोपों को स्वीकार किया
इसके लिए उन्होंने 'US News Center' नाम की वेबसाइट का इस्तेमाल किया, जिसे स्थानीय चीनी-अमेरिकी समुदाय के लिए एक 'न्यूज प्लेटफॉर्म' बताया जाता था। जांच एजेंसियों का कहना है कि इस वेबसाइट पर चीन समर्थक सामग्री चीन सरकार के निर्देश पर प्रकाशित की जाती थी। 58 साल की ईलीन वांग ने इस मामले में लगे आरोपों को स्वीकार कर लिया है।
10 साल तक की सजा हो सकती है
इस अपराध में अधिकतम 10 साल तक की सजा हो सकती है। अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, वांग सोमवार दोपहर लॉस एंजिलिस स्थित अमेरिकी जिला अदालत में पेश होंगी और आने वाले हफ्तों में औपचारिक रूप से अपना गुनाह कबूल कर सकती हैं।बता दें कि ईलीन वांग नवंबर 2022 में आर्केडिया सिटी काउंसिल के लिए चुनी गई थीं। यह 5 सदस्यों वाली परिषद है, जिसमें बारी-बारी से मेयर चुना जाता है।