नई दिल्ली: भारत की अध्यक्षता में 13 सितंबर से नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग भारत आ सकते हैं। राष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण को स्वीकार करते हुए शी जिनपिंग इस सम्मेलन में भाग लेंगे। वर्ष 2020 की गलवान घाटी झड़प के बाद और अक्टूबर 2019 के बाद यह उनका पहला भारत दौरा होगा।
पीएम मोदी के निमंत्रण पर चीन का सकारात्मक रुख
विदेश मंत्रालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत में होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन के लिए चीनी राष्ट्रपति को आमंत्रित किया था। इस पर शी जिनपिंग ने पीएम मोदी को धन्यवाद देते हुए भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता को पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया था।गौरतलब है कि इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने भी 31 अगस्त से 1 सितंबर 2025 तक चीन का दौरा किया था, जहाँ दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों के महत्व पर चर्चा हुई थी।
रूसी राष्ट्रपति पुतिन भी होंगे शामिल
क्रेमलिन की ओर से पहले ही पुष्टि की जा चुकी है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने भारत आ रहे हैं।इस शिखर सम्मेलन में वैश्विक सुरक्षा चुनौतियों, आर्थिक सहयोग और बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किए जाने की उम्मीद है। अमेरिकी दबाव के बावजूद भारत और चीन का रूस तथा ईरान से तेल आयात जारी रखने की रणनीति के बीच यह बैठक कूटनीतिक रूप से काफी अहम मानी जा रही है।