मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दो सप्ताह के लिए सीजफायर की घोषणा कर दी है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान ने इस अवधि के संघर्ष विराम पर सहमति जताई है। यह ऐलान ऐसे समय में आया जब कुछ ही घंटे पहले ट्रंप ने ईरान पर हमला करने और पूरी सभ्यता को खत्म करने की चेतावनी दी थी।
अमेरिका-ईरान में 2 हफ्ते का सीजफायर
ट्रंप ने अपने पोस्ट में कहा, मैं ईरान पर हमले को दो सप्ताह के लिए स्थगित करने पर सहमत हूं। यह एक द्विपक्षीय युद्धविराम होगा।
ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने के लिए सहमत
उन्होंने आगे कहा, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के अनुरोध और बातचीत के आधार पर मैंने आज रात ईरान की ओर भेजी जा रही विनाशकारी सैन्य कार्रवाई को रोका। इसके बदले ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह, तुरंत और सुरक्षित रूप से खोलने पर सहमति दी।
दो हफ्तों के युद्ध विराम से मिलेगी मदद
ट्रंप ने कहा, हम पहले ही सभी सैन्य उद्देश्यों को पूरा कर चुके हैं और अब ईरान के साथ दीर्घकालिक शांति और मध्य पूर्व में स्थिरता के लिए ठोस समझौते के काफी करीब हैं। ईरान ने 10 बिंदुओं का प्रस्ताव भेजा है, जो बातचीत के लिए व्यवहार्य आधार प्रदान करता है। अतीत के अधिकांश विवादित मुद्दों पर अमेरिका और ईरान सहमत हो चुके हैं। यह दो सप्ताह की अवधि समझौते को अंतिम रूप देने और पूरा करने के लिए आवश्यक है।