अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन अमेरिका अभी प्रस्तावित डील से पूरी तरह संतुष्ट नहीं है। व्हाइट हाउस में आयोजित कैबिनेट बैठक के दौरान ट्रम्प ने कहा कि बातचीत जारी है, लेकिन अभी अंतिम सहमति नहीं बनी है।
ट्रम्प बोले- अभी संतुष्ट नहीं अमेरिका
डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा, ईरानी नेता समझौता करना चाहते हैं, लेकिन अब तक स्थिति वहां तक नहीं पहुंची है जहां हम संतुष्ट हों। हालांकि आगे चलकर ऐसा हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि या तो समझौता होगा या फिर अमेरिका को अपना कदम उठाना पड़ेगा।
ईरान ने समझौते का ड्राफ्ट तैयार होने का दावा किया
इस बीच ईरानी सरकारी मीडिया ने दावा किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते (MoU) का शुरुआती ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक प्रस्तावित समझौते में अमेरिका खाड़ी क्षेत्र से अपनी सैन्य मौजूदगी कम करेगा और नौसैनिक घेराबंदी हटाएगा।
होर्मुज स्ट्रेट में सामान्य होगी आवाजाही
दावे के अनुसार, इसके बदले ईरान 30 दिनों के भीतर होर्मुज स्ट्रेट में व्यावसायिक जहाजों की आवाजाही को सामान्य स्तर पर बहाल करेगा। यह दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक माना जाता है।
व्हाइट हाउस ने रिपोर्ट को बताया गलत
हालांकि व्हाइट हाउस ने ईरानी मीडिया के दावों को खारिज कर दिया है। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि ऐसा कोई औपचारिक समझौता फिलहाल मौजूद नहीं है और मीडिया रिपोर्ट पूरी तरह भ्रामक है।