अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि वे किसी भी स्थिति में ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे, क्योंकि यह वैश्विक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से अमेरिका को ईरान के खिलाफ कड़ा रुख अपनाना पड़ा।
ट्रम्प बोले-पागलों के हाथ में एटम बम नहीं दे सकते
फ्लोरिडा में शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान ट्रम्प ने कहा अगर हम ऐसा नहीं करते, तो उनके पास परमाणु हथियार होता और इजराइल, मिडिल ईस्ट और यूरोप तबाह हो जाते। हम ऐसे पागलों के हाथ में परमाणु हथियार नहीं जाने दे सकते।
ट्रम्प ने दावा किया कि अमेरिका ने मिडिल ईस्ट को एक बड़े परमाणु खतरे से बचाया है। उन्होंने यह भी बताया कि ईरान द्वारा भेजे गए युद्ध विराम प्रस्ताव को एक बार फिर ठुकरा दिया गया है। इससे पहले 26 और 27 अप्रैल को भी ईरान प्रस्ताव भेज चुका था, जिसे अमेरिका ने स्वीकार नहीं किया।
परमाणु मुद्दे का जिक्र नहीं था
व्हाइट हाउस के एक अधिकारी के अनुसार, ईरान के ताजा प्रस्ताव में परमाणु कार्यक्रम का कोई उल्लेख नहीं था, जिससे ट्रम्प नाराज हैं। दूसरी ओर ईरान का कहना है कि पहले होर्मुज जलडमरूमध्य को खोला जाए और परमाणु मुद्दे पर बाद में बातचीत की जाए।
दोनों मुद्दों पर एक साथ चर्चा होनी चाहिए
हालांकि ट्रम्प का रुख स्पष्ट है कि दोनों मुद्दों पर एक साथ चर्चा होनी चाहिए। वे पहले ही कह चुके हैं कि बातचीत शुरू करने से पहले ईरान को अपने एनरिच्ड यूरेनियम का नियंत्रण छोड़ना होगा।