अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को चीन की राजधानी बीजिंग में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की। यह बैठक बीजिंग स्थित ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल में आयोजित हुई, जहां जिनपिंग ने ट्रम्प का औपचारिक स्वागत किया।
दुनिया की नजर इस बैठक पर
बैठक की शुरुआत में राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि पूरी दुनिया इस मुलाकात पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं और ऐसे समय में अमेरिका और चीन के संबंध अंतरराष्ट्रीय स्थिरता के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। जिनपिंग ने कहा कि दोनों देशों को प्रतिस्पर्धी नहीं बल्कि सहयोगी और साझेदार की भूमिका निभानी चाहिए।
ट्रम्प बोले- आपका दोस्त होना सम्मान की बात
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी शी जिनपिंग की सराहना करते हुए कहा कि उनका दोस्त होना सम्मान की बात है। ट्रम्प ने विश्वास जताया कि अमेरिका और चीन के संबंध आने वाले समय में और बेहतर होंगे। उन्होंने कहा कि वह अमेरिका के कई बड़े कारोबारी नेताओं को अपने साथ चीन लेकर आए हैं।
बड़े कारोबारी नेता भी पहुंचे चीन
ट्रम्प के प्रतिनिधिमंडल में टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रमुख इलॉन मस्क, एप्पल के CEO टिम कुक और बोइंग कंपनी के शीर्ष अधिकारी समेत कई प्रमुख उद्योगपति शामिल हैं। माना जा रहा है कि बैठक में व्यापार, टैरिफ, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रेयर अर्थ मिनरल्स और ताइवान जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।