नई दिल्ली - अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन दौरे के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की खुलकर तारीफ की। बीजिंग के ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल में हुई मुलाकात के दौरान ट्रंप ने कहा कि शी जिनपिंग एक महान नेता हैं और उनका दोस्त होना उनके लिए गर्व की बात है।
आपके साथ होना सम्मान की बात
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मीटिंग में चीनी सेना की भी तारीफ की और कहा कि इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता। ट्रंप ने कहा कि, आपके साथ होना सम्मान की बात है। आपका दोस्त होना भी मेरे लिए गर्व की बात है। चीन और अमेरिका के रिश्ते अब पहले से बेहतर होने जा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने स्वागत समारोह की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि वहां मौजूद बच्चों ने उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित किया।
आपकी सेना तो लाजवाब है
अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने आगे कहा कि, वे बच्चे बेहद खुश और खूबसूरत थे। वे चीन की भावना और भविष्य का प्रतिनिधित्व करते हैं। आपकी सेना तो लाजवाब है ही, उससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता, लेकिन बच्चों ने मुझे खास तौर पर प्रभावित किया।
मेरी और जिनपिंग की दोस्ती काफी पुरानी है
अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने बयान में आगे कहा कि, उनकी और जिनपिंग की दोस्ती काफी पुरानी है और दोनों नेताओं ने हर मुश्किल दौर में सीधे बातचीत कर समस्याओं का समाधान निकाला। अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि, जब भी कोई दिक्कत आई, मैं आपको फोन करता था या आप मुझे फोन करते थे। हमने हर समस्या को बहुत जल्दी सुलझाया।