अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ जारी तनाव और संघर्ष जल्द समाप्त हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि ईरान अब समझौते के लिए तैयार है, लेकिन अमेरिका किसी भी स्थिति में उसे परमाणु हथियार बनाने की अनुमति नहीं देगा।
व्हाइट हाउस में सांसदों को संबोधित करते हुए ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका इस संघर्ष को बहुत जल्द खत्म करने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान इस स्थिति से थक चुका है और समझौता करना चाहता है।
परमाणु कार्यक्रम पर अमेरिका की सख्ती
ट्रम्प ने कहा कि ईरान अभी भी अपने परमाणु कार्यक्रम पर काम कर रहा है, लेकिन अमेरिका यह सुनिश्चित करेगा कि वह परमाणु हथियार विकसित न कर सके। उन्होंने दोहराया कि अमेरिका की प्राथमिकता क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखना और परमाणु खतरे को रोकना है।
अमेरिकी सीनेट में भी बढ़ी हलचल
ट्रम्प का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिकी सीनेट में ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को लेकर वॉर पावर रेजोल्यूशन पर चर्चा तेज हो गई है। रिपब्लिकन बहुमत वाली सीनेट ने उस प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के पक्ष में मतदान किया है, जिसमें कहा गया है कि कांग्रेस की स्पष्ट मंजूरी के बिना राष्ट्रपति ईरान के खिलाफ युद्ध जारी नहीं रख सकते।