अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर तेहरान ने कोई गलती की, तो उस पर दोबारा हमला किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस समय अमेरिका मजबूत स्थिति में है, जबकि ईरान दबाव में है और समझौते की दिशा में आगे बढ़ना चाहता है।
गलती हुई तो फिर होगा हमला
इसके साथ ही ट्रम्प ने Truth Social पर पोस्ट कर जानकारी दी कि पाकिस्तान की मध्यस्थता से ईरान की ओर से 14 बिंदुओं वाला प्रस्ताव मिला है। उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव के विस्तृत ड्राफ्ट का इंतजार किया जा रहा है और अमेरिका इसकी समीक्षा कर रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि “मुझे नहीं लगता कि यह प्रस्ताव स्वीकार्य होगा, क्योंकि पिछले 47 वर्षों में ईरान ने मानवता और दुनिया के साथ जो व्यवहार किया है, उसकी अभी तक उचित कीमत नहीं चुकाई है।
ईरान के 14-पॉइंट प्रस्ताव में शामिल अहम मुद्दे
यह 14 बिंदुओं वाला प्रस्ताव अमेरिका के 9-पॉइंट प्लान के जवाब में भेजा गया है। इसमें 30 दिनों के भीतर सभी मुद्दों का समाधान, भविष्य में हमलों के खिलाफ गारंटी, क्षेत्र से अमेरिकी सैनिकों की वापसी, फ्रीज किए गए ईरानी संपत्तियों को जारी करने, प्रतिबंध हटाने और युद्ध मुआवजे की मांग शामिल है।
इसके अलावा प्रस्ताव में होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर नया तंत्र बनाने, अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी खत्म करने और क्षेत्रीय संघर्षों को समाप्त करने की बात कही गई है। संभावित समझौते के बाद परमाणु कार्यक्रम पर अलग से बातचीत का सुझाव भी दिया गया है।