अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज 13 मई से 15 मई तक चीन के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनकी मुलाकात चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से होगी। माना जा रहा है कि दोनों देशों के बीच व्यापार, तकनीक और वैश्विक तनाव जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
ईरान तनाव पर भी हो सकती है बातचीत
अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच ट्रंप का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच ईरान के ताजा हालात और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है।
2017 के बाद पहली बार बीजिंग पहुंचे ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप 2017 के बाद पहली बार बीजिंग पहुंचे हैं। इससे पहले उनके कार्यकाल के दौरान अमेरिका-चीन संबंधों में व्यापार युद्ध और कई कूटनीतिक तनाव देखने को मिले थे।
ट्रंप बोले- दोनों देशों के लिए अच्छी बातें होंगी
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए कहा कि वह चीन यात्रा को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने राष्ट्रपति शी जिनपिंग की तारीफ करते हुए कहा कि पूरी दुनिया उनका सम्मान करती है और यह यात्रा दोनों देशों के लिए सकारात्मक साबित होगी।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल बड़े कारोबारी
- व्हाइट हाउस के अनुसार, ट्रंप के साथ कई बड़ी अमेरिकी कंपनियों के शीर्ष अधिकारी भी चीन पहुंचे हैं।
- प्रतिनिधिमंडल में Elon Musk, Tim Cook समेत कई दिग्गज कारोबारी शामिल हैं।
- इसके अलावा ब्लैकरॉक, बोइंग, गोल्डमैन सैक्स, क्वालकॉम, मेटा, माइक्रोन और मास्टरकार्ड जैसी कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी भी इस दौरे का हिस्सा हैं।
व्यापार और टेक्नोलॉजी पर फोकस
सूत्रों के मुताबिक, इस दौरे में व्यापारिक संबंध मजबूत करने, टैरिफ विवाद कम करने, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और तकनीकी सहयोग बढ़ाने जैसे मुद्दों पर बातचीत हो सकती है।
वैश्विक राजनीति में अहम माना जा रहा दौरा
विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका और चीन के बीच यह बैठक वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। दोनों देशों के रिश्तों का असर दुनियाभर के बाजारों और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति पर पड़ सकता है।