अमेरिका समेत कई नाटो देश रूस और चीन की बढ़ती नजदीकियों से चिंतित हैं। इस बीच यह बात सामने आई है कि रूस और चीन सैन्य साझेदारी नहीं कर रहे हैं। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने रविवार को एक इंटरव्यू में कहा कि रूस और चीन सैन्य गठबंधन स्थापित नहीं कर रहे हैं और कोई सैन्य सहयोग छुपाया नहीं जा रहा है। व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने हाल ही में क्रेमलिन में मुलाकात की। इस दौरान, दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने घनिष्ठ मित्रों के रूप में एक-दूसरे की प्रशंसा की और चीन के नेता के साथ यूक्रेन विवाद को सुलझाने के तरीकों पर बात की।
अमेरिका और नाटो पर लगाया आरोप (Vladimir Putin)
पुतिन (Vladimir Putin) ने कहा कि रूस चीन के साथ कोई सैन्य साझेदारी नहीं बना रहा है। हां, हम सैन्य-तकनीकी संपर्क के क्षेत्र में सहयोग करते हैं। सब कुछ है पारदर्शी, कुछ भी छिपा नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिमी देश अधिक विश्वव्यापी गठबंधन बनाने का प्रयास कर रहे हैं। इसके साथ ही, उन्होंने अमेरिका और नाटो पर जर्मनी, इटली और जापान जैसे नए गठबंधन की शुरुआत करने का आरोप लगाया।
रूस-चीन की नजदीकी अमेरिका को नापसंद
गौरतलब है कि अमेरिका ने पुतिन और जिनपिंग के बीच नजदीकियों को लेकर चिंता जताई है। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन के अनुसार, रूस के लिए चीन का राजनीतिक और भौतिक समर्थन वाशिंगटन के लक्ष्यों के प्रतिकूल है। हालांकि, वाशिंगटन को इस बात का कोई प्रमाण नहीं मिला है कि बीजिंग युद्ध में मास्को की सहायता कर रहा है। रूस और यूक्रेन के बीच का संघर्ष 13 महीने से ज्यादा समय से चला आ रहा है। सैन्य बढ़त हासिल करने के लिए दोनों देश अपनी विभिन्न रणनीतियों के साथ जवाबी कार्रवाई कर रहे हैं।
Comments (0)