फ्रांस में सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर एक बड़ा फैसला लिया गया है। फ्रांस की नेशनल असेंबली ने एक विधेयक पारित किया है, जिसके तहत 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए टिकटॉक, इंस्टाग्राम, फेसबुक और स्नैपचैट जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाएगा। यह कदम बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, साइबर बुलिंग और युवाओं में बढ़ती हिंसा से जुड़ी चिंताओं को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
कंपनियों पर जुर्माना लगाया जाएगा
पारित विधेयक के अनुसार, सोशल मीडिया कंपनियों को अपने यूजर्स की उम्र की पुष्टि के लिए प्रभावी तकनीकी व्यवस्था लागू करनी होगी। नियमों का पालन न करने पर कंपनियों पर जुर्माना लगाया जाएगा। आंकड़ों के मुताबिक, फ्रांस में 13 से 15 वर्ष की उम्र के बच्चों में पिछले दस वर्षों के दौरान अवसाद और आत्महत्या के मामलों में करीब 60 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जिसमें सोशल मीडिया को एक बड़ा कारण माना जा रहा है।
इमैनुअल मैक्रोन का भी समर्थन मिला
इस फैसले को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रोन का भी समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि इस कानून से स्क्रीन टाइम सीमित करने और युवा उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। राष्ट्रीय सभा में रातभर चली चर्चा के बाद विधेयक को मंजूरी दी गई, जिसमें 130 सांसदों ने समर्थन में और 21 ने विरोध में मतदान किया। अब यह प्रस्तावित कानून अंतिम स्वीकृति के लिए सीनेट में पेश किया जाएगा।
Comments (0)