नई दिल्ली - अंतरराष्ट्रीय मंच संयुक्त राष्ट्र (United Nations) में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच तीखी बहस देखने को मिली। इस दौरान भारत की राजनयिक अनुपमा सिंह ने पाकिस्तान के आरोपों का कड़ा जवाब दिया। अनुपमा सिंह ने कहा कि पाकिस्तान और इस्लामिक सहयोग संगठन (OIC) द्वारा लगाए गए सभी आरोप निराधार और भ्रामक हैं।
जम्मू-कश्मीर पर भारत का रुख साफ
उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत इन दावों को पूरी तरह से खारिज करता है और इन्हें पाकिस्तान की घरेलू विफलताओं और आतंकवाद को छिपाने की कोशिश बताया। भारत ने एक बार फिर दोहराया कि जम्मू और कश्मीर देश का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है और रहेगा। राजनयिक ने कहा कि इस मुद्दे पर भारत का रुख हमेशा स्पष्ट रहा है और इसमें किसी प्रकार का बदलाव नहीं होगा।
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर पर कड़ा संदेश
भारत ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए पाकिस्तान के कब्ज़े वाला कश्मीर (PoJK) खाली करने की बात दोहराई। अनुपमा सिंह ने कहा कि असली मुद्दा पाकिस्तान का भारतीय क्षेत्र पर अवैध कब्जा है, जिसे वह नजरअंदाज नहीं कर सकता। भारतीय राजनयिक ने PoJK में कथित दमन, हिंसा और मानवाधिकार उल्लंघनों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वहां दशकों से जारी सैन्य कब्जे, जनसंख्या में बदलाव की कोशिश और मौलिक अधिकारों के हनन ने स्थिति को गंभीर बना दिया है।
आतंकवाद को लेकर भी घेरा
भारत ने पाकिस्तान पर आतंकवाद को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक ओर पाकिस्तान के नेता आतंकियों को समर्थन देने की बात करते हैं और दूसरी ओर खुद को आतंकवाद का शिकार बताते हैं, जो अंतरराष्ट्रीय मंच पर विरोधाभास को दर्शाता है। UN में भारत के इस सख्त रुख के बाद एक बार फिर स्पष्ट हो गया है कि कश्मीर और आतंकवाद को लेकर दोनों देशों के बीच कूटनीतिक टकराव जारी है और भारत अपने रुख पर पूरी मजबूती से कायम है।