तेहरान। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की आज रात ईरान की पूरी सभ्यता खत्म करने की धमकी ने पूरे विश्व की बैचेनी बढ़ा दी है। ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने सभी भारतीयों से अगले 48 घंटों तक अत्यधिक सतर्क रहने और जहां हैं, वहीं सुरक्षित स्थान पर बने रहने की अपील की है। दूतावास के अनुसार, भारतीय नागरिकों को बिजली और सैन्य प्रतिष्ठानों के आसपास जाने से बचना चाहिए। साथ ही बहुमंजिला इमारतों के ऊपरी मंजिलों से दूर रहने और अधिकतम समय घर के अंदर ही रहने की सलाह दी गई है। यदि किसी को हाईवे पर यात्रा करनी जरूरी हो, तो पहले दूतावास से समन्वय करना अनिवार्य बताया गया है।
होटलों में ठहरे भारतीयों के लिए विशेष निर्देश
जो भारतीय नागरिक दूतावास द्वारा व्यवस्थित होटलों में ठहरे हुए हैं, उन्हें भी बाहर न निकलने और होटल परिसर में ही रहने को कहा गया है। साथ ही उन्हें मौके पर मौजूद दूतावास की टीम के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आधिकारिक अपडेट पर रखें नजर
दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे लगातार आधिकारिक सूचनाओं और अपडेट पर नजर बनाए रखें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
आपातकालीन संपर्क जारी
दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया है कि उसके सभी आपातकालीन संपर्क नंबर सक्रिय हैं और जरूरत पड़ने पर नागरिक इनसे संपर्क कर सकते हैं।
मोबाइल नंबर:
+989128109115
+989128109102
+989128109109
+989932179359
ईमेल: [cons.tehran@mea.gov.in](mailto:cons.tehran@mea.gov.in)
ट्रम्प की चेतावनी से बढ़ा तनाव
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को लेकर बड़ा और विवादित बयान दिया है। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि “आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो सकती है”, हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि वे ऐसा नहीं चाहते, लेकिन हालात उस दिशा में जा सकते हैं। ट्रम्प ने दावा किया कि दुनिया एक ऐतिहासिक और निर्णायक पल की ओर बढ़ रही है, जहां 47 सालों का कथित भ्रष्टाचार और हिंसा खत्म हो सकती है। वहीं, इस बयान पर साउथ अफ्रीका स्थित ईरानी दूतावास ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगियों को ईरान की प्राचीन सभ्यता से ऐसा जवाब मिलेगा, जिसे वे कभी नहीं भूल पाएंगे।