इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 15 जुलाई, बुधवार को इंदौर से प्रदेश की पहली अंतर्राष्ट्रीय हवाई सेवा का शुभारंभ करेंगे, जिसे मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत वित्त पोषण प्राप्त हुआ है। इंदौर से आबू धाबी के बीच शुरू होने वाली यह सीधी उड़ान मालवा-निमाड़ क्षेत्र को वैश्विक हवाई नेटवर्क से जोड़ेगी। इससे व्यापार, निवेश, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
इंदौर-आबू धाबी के बीच सप्ताह में चार दिन संचालित होगी उड़ान
यह अंतर्राष्ट्रीय हवाई सेवा टाटा समूह की विमानन इकाई Air India Express द्वारा संचालित की जाएगी। उड़ान सेवा सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को उपलब्ध रहेगी। इससे यात्रियों को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी आबू धाबी तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
यात्रा समय में होगी बड़ी बचत
इंदौर से आबू धाबी के लिए वर्तमान में यात्रियों को दिल्ली या मुंबई होकर यात्रा करनी पड़ती है, जिसमें करीब 7 से 8 घंटे का समय लगता है। नई सीधी उड़ान शुरू होने के बाद यह सफर लगभग 3 घंटे 15 मिनट में पूरा हो सकेगा। इससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
व्यापार, निवेश और पर्यटन को मिलेगा प्रोत्साहन
इंदौर-आबू धाबी हवाई सेवा शुरू होने से मालवा-निमाड़ क्षेत्र के उद्योग, व्यापार और पर्यटन क्षेत्र को लाभ मिलेगा। अंतर्राष्ट्रीय कनेक्टिविटी बढ़ने से विदेशी निवेश को आकर्षित करने और औद्योगिक गतिविधियों को विस्तार देने में मदद मिलेगी।
नागरिक विमानन नीति-2025 से मजबूत हो रहा विमानन क्षेत्र
मध्यप्रदेश सरकार द्वारा लागू की गई नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत प्रदेश में हवाई संपर्क का विस्तार किया जा रहा है। नीति के अंतर्गत नए घरेलू हवाई मार्गों के विकास के लिए 10 लाख रुपये तक और अंतर्राष्ट्रीय मार्गों के लिए 15 लाख रुपये तक वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) सहायता का प्रावधान किया गया है।
विमानन क्षेत्र में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे
नीति के तहत मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल (MRO) परियोजनाओं के लिए 40 प्रतिशत तक पूंजीगत सब्सिडी और एयर कार्गो परियोजनाओं के लिए भी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा उड़ान प्रशिक्षण संगठनों (FTO) और कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है।