ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। बुधवार को ईरान ने कुवैत और बहरीन में अमेरिकी मिलिट्री बेस पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। इससे पहले अमेरिकी सेना ने ईरान के केशम आइलैंड और अन्य सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए थे।
ईरान का कुवैत में अमेरिकी मिलिट्री बेस पर हमला
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने कुवैत और बहरीन में अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े के मुख्यालय, एयरबेस और हेलीकॉप्टर यूनिट्स को निशाना बनाया। वहीं इससे पहले अमेरिका ने केशम आइलैंड स्थित एक कम्युनिकेशन टावर पर हमला किया था।
अमेरिका ने केशम आईलैंड और होर्मुज में ऑयल टैंकर पर अटैक किया
IRGC के अनुसार, अमेरिका ने होर्मुज के पास एक ईरानी ऑयल टैंकर को भी निशाना बनाया, जिससे उसके इंजन रूम को नुकसान पहुंचा है। इसके जवाब में ईरान ने भी “पनाया” नाम के एक जहाज पर मिसाइल हमला किया।
वहीं अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बयान जारी कर कहा कि ईरान की ओर से दागी गई सभी मिसाइलों को रोक दिया गया। उनके मुताबिक कुवैत की ओर दागी गई दो मिसाइलें अपने लक्ष्य से चूक गईं या रास्ते में ही नष्ट कर दी गईं, जबकि बहरीन की ओर दागी गई तीन मिसाइलों को अमेरिकी और बहरीन एयर डिफेंस सिस्टम ने सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर लिया।