अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के बाद अब ओमान को लेकर सख्त बयान दिया है। उन्होंने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट एक अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग है और इस पर किसी एक देश का नियंत्रण स्वीकार नहीं किया जा सकता। उनके अनुसार, दुनिया भर के जहाजों को इस मार्ग से निर्बाध आवाजाही की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए।
जानकारी के अनुसार, ईरान होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों से शुल्क वसूलने के लिए ओमान के साथ एक व्यवस्था बनाने पर विचार कर रहा है। इसी संदर्भ में ट्रंप ने यह टिप्पणी की।
अमेरिका इस क्षेत्र पर नजर बनाए रखेगा
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका इस क्षेत्र पर नजर बनाए रखेगा और किसी भी देश को इसका एकतरफा नियंत्रण नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि ईरान इस मार्ग पर नियंत्रण स्थापित करना चाहता है, लेकिन ऐसा संभव नहीं होगा क्योंकि यह अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र है।
ईरान अब बातचीत के लिए अधिक इच्छुक नजर आ रहा
व्हाइट हाउस में कैबिनेट बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा कि ईरान को पहले लगा था कि वह अमेरिका को वार्ता से पीछे हटने के लिए मजबूर कर देगा, लेकिन अब उसके पास समझौते के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान अब बातचीत के लिए अधिक इच्छुक नजर आ रहा है।