नई दिल्ली। ईरान के मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए भारत सरकार ने अपने नागरिकों के लिए नई ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी एडवाइजरी में भारतीय नागरिकों को अगले आदेश तक ईरान की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है। दूतावास ने कहा कि वह ईरान की सुरक्षा स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। हाल के दिनों में हालात में कुछ सुधार जरूर देखने को मिला है, लेकिन पूरी तरह सामान्य स्थिति बहाल नहीं हुई है। ऐसे में भारतीय नागरिकों को फिलहाल अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
ईरान में रह रहे भारतीयों को सतर्क रहने की सलाह
भारतीय दूतावास ने ईरान में पहले से मौजूद भारतीय नागरिकों और आवश्यक कार्य से वहां जाने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। एडवाइजरी में कहा गया है कि सभी भारतीय नागरिक स्थानीय परिस्थितियों पर नजर रखें, विश्वसनीय स्रोतों से जानकारी प्राप्त करें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
दूतावास में पंजीकरण कराने की अपील
दूतावास ने ईरान में रह रहे तथा वहां यात्रा करने वाले सभी भारतीय नागरिकों से जल्द से जल्द अपनी जानकारी भारतीय दूतावास के पास दर्ज कराने का आग्रह किया है। साथ ही दूतावास की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी अपडेट्स पर नियमित नजर रखने की सलाह दी गई है।
जारी किए गए इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए भारतीय दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। जरूरत पड़ने पर भारतीय नागरिक इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
- +989128109115
- +989128109109
- +989128109102
- +989932179359
- सुरक्षा स्थिति पर लगातार नजर
भारतीय दूतावास ने स्पष्ट किया है कि वह ईरान में सुरक्षा हालात की लगातार समीक्षा कर रहा है। स्थिति में किसी भी बदलाव की जानकारी समय-समय पर नागरिकों को उपलब्ध कराई जाएगी। फिलहाल भारतीयों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।