ईरान ने दावा किया है कि अमेरिका के साथ संभावित समझौते का प्रारंभिक ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया है। ड्राफ्ट के मुताबिक, अमेरिका ईरान के आसपास से अपनी सैन्य मौजूदगी कम करेगा और नौसैनिक घेराबंदी समाप्त करेगा। इसके बदले ईरान 30 दिनों के भीतर होर्मुज स्ट्रेट में व्यापारिक जहाजों की आवाजाही को पूर्व स्थिति में बहाल करेगा।
सैन्य जहाजों पर नहीं होगा असर
यह भी कहा गया है कि यह व्यवस्था केवल व्यावसायिक जहाजों पर लागू होगी, जबकि अमेरिकी सैन्य जहाजों पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही का प्रबंधन ईरान और ओमान मिलकर करेंगे।
समझौता अभी अंतिम नहीं
ईरानी सरकारी मीडिया ने स्पष्ट किया है कि यह ड्राफ्ट अभी अंतिम रूप से तैयार नहीं हुआ है और बिना ठोस गारंटी के ईरान किसी भी समझौते को आगे नहीं बढ़ाएगा।
अमेरिका की प्रतिक्रिया का इंतजार
इस पूरे मामले पर अमेरिका की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अमेरिकी ड्रोन गिराया
ईरान ने दावा किया कि उसकी फोर्स ने अमेरिकी MQ-9B और RQ-4 ड्रोन को निशाना बनाया। साथ ही ईरानी हवाई क्षेत्र में घुसे F-35 लड़ाकू विमान पर भी फायरिंग की गई।
88 दिन बाद इंटरनेट बहाल- ईरान में 88 दिनों बाद इंटरनेट सेवाएं आंशिक रूप से बहाल हुईं।