तेहरान/वॉशिंगटन – मध्य-पूर्व में एक बार फिर तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। ईरान की सरकारी मीडिया द्वारा जारी एक वीडियो में दावा किया गया है कि ईरानी नौसेना ने होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिकी युद्धपोत को चेतावनी देकर वापस लौटने के लिए मजबूर कर दिया।
IRGC की सख्त चेतावनी
वीडियो में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के जवान अमेरिकी मिसाइल विध्वंसक USS Frank E. Petersen Jr. को रेडियो संदेश देते नजर आते हैं। उन्होंने कहा-“तुरंत अपना मार्ग बदलकर हिंद महासागर की ओर लौट जाएं, अन्यथा हमला किया जाएगा।”
अमेरिका का जवाब
अमेरिकी युद्धपोत की ओर से जवाब दिया गया कि वह अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत ट्रांजिट पैसेज में है और किसी तरह की चुनौती देने का इरादा नहीं रखता। इसके बावजूद ईरानी पक्ष ने “अंतिम चेतावनी” देते हुए अपनी स्थिति दोहराई।
ड्रोन और फायरिंग की चेतावनी
ईरानी नौसेना ने आस-पास मौजूद अन्य जहाजों को भी सतर्क रहने को कहा और 10 मील की दूरी बनाए रखने की चेतावनी दी। IRGC ने कहा कि आदेश न मानने पर बिना चेतावनी गोलीबारी की जा सकती है।
अमेरिकी जहाजों की वापसी का दावा
ईरानी मीडिया के मुताबिक चेतावनी के बाद अमेरिकी युद्धपोत वापस मुड़ गए। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
कौन-कौन से जहाज थे शामिल
अमेरिका ने पहले बताया था कि USS Frank E. Petersen Jr. और USS Michael Murphy जैसे गाइडेड मिसाइल विध्वंसक पोत होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे थे।