अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच घोषित अस्थायी युद्धविराम फिलहाल ठहर गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में सीजफायर की घोषणा की थी, लेकिन इसके बावजूद इजरायल की ओर से लेबनान पर हमले जारी रहने की खबरें सामने आ रही हैं। इसी बीच अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान के इस्लामाबाद में प्रस्तावित बैठक के स्थगित होने की संभावना जताई जा रही है।
इस्लामाबाद बैठक टलने के संकेत, ईरान का सख्त रुख
दरअसल, सीजफायर समझौते के बाद अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में बातचीत होने की चर्चा थी, जिसमें मौजूदा हालात और तनाव कम करने के उपायों पर बात होनी थी। लेकिन अब ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि यह वार्ता फिलहाल टल सकती है।
बैठक स्थगित होने की संभावना
यदि इजरायल लेबनान पर हमले जारी रखता है तो ईरान शनिवार को इस्लामाबाद में होने वाली अमेरिका के साथ बातचीत को स्थगित कर सकता है। इस घटनाक्रम से मध्य पूर्व में तनाव कम करने के प्रयासों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से घोषित डेडलाइन और प्रयासों के बीच दोनों देशों के बीच दो सप्ताह के अस्थायी युद्धविराम पर सहमति बनी थी। यह समझौता तब हुआ जब ट्रंप ने दावा किया था कि उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर से बात की थी, जिसके बाद युद्धविराम की पहल आगे बढ़ी।
शहबाज शरीफ ने पहले कहा था कि इस्लामाबाद में दोनों देशों के प्रतिनिधियों की बैठक कराई जाएगी, ताकि किसी निर्णायक समझौते तक पहुंचा जा सके। वहीं, ईरान ने भी वार्ता के लिए सहमति जताई थी। हालांकि, इजरायल की ओर से लेबनान पर जारी हमलों के चलते यह बैठक अब टल सकती है।