अमेरिका और इज़राइल ने ईरान पर लगातार हमले तेज कर दिए हैं। अल-जज़ीरा की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के 10 से अधिक बड़े शहरों में अब तक 2000 से अधिक बम गिराए गए हैं, जिनसे 1000 से अधिक अहम ठिकाने निशाना बने। इन हमलों में 200 से अधिक लोगों की मौत और लगभग 750 लोग घायल हुए हैं। इज़राइली प्रधानमंत्री ने संकेत दिया है कि हमलों की संख्या और बढ़ सकती है।
ईरान की जवाबी कार्रवाई
इसके जवाब में ईरान ने 9 देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें दागीं। साथ ही, लेबनान का उग्रवादी संगठन हिज़्बुल्लाह भी ईरान के समर्थन में शामिल हो गया है और उसने इज़राइल के कई ठिकानों पर हमले किए। इसके बाद इज़राइल ने सीमा से लगे लेबनान के 50 गांव खाली कराए। लेबनान में इज़राइली हमलों से 31 लोगों की मौत और 149 लोग घायल हुए हैं।
खामेनेई की मौत और उत्तराधिकार की चर्चा
इस संघर्ष के पहले ही दिन ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मृत्यु हो गई। उनके बेटे मुजतबा खामेनेई को उत्तराधिकारी बनाए जाने की चर्चा तेज है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि कुछ ही दिनों में नया सर्वोच्च नेता चुना जा सकता है। सरकारी मीडिया के अनुसार, खामेनेई ने पहले ही विशेषज्ञ समिति के 60 सदस्यों के जरिए 26 सितंबर 2024 को अपने उत्तराधिकारी का चयन कर लिया था।
Comments (0)