यरूशलेम/बेरूत: मध्य पूर्व (Middle East) में शांति की कोशिशों को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। वाशिंगटन द्वारा इजरायल और लेबनान के बीच युद्धविराम (Ceasefire) की अवधि को और 45 दिनों के लिए बढ़ाने की घोषणा के महज 24 घंटे बाद, इजरायली सेना ने लेबनान पर दोबारा भीषण हवाई हमले शुरू कर दिए हैं। शनिवार को हुए इस ताजा हमले में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई है और 22 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसी के साथ इजरायली सेना ने गाजा में एक और बड़ी कामयाबी का दावा करते हुए हमास के सैन्य प्रमुख इज अल दीन अल हाद्दाद (Izz al-Din al-Haddad) को मार गिराया है।
लेबनान के क्लिनिक पर गिरी मिसाइल, 6 स्वास्थ्य कर्मियों की मौत
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, शनिवार सुबह इजरायली लड़ाकू विमानों ने लेबनान के हारूफ शहर के पांच गांवों पर अचानक बमबारी की। इस दौरान नबातीह (Nabatieh) स्थित एक क्लिनिक पर सीधी मिसाइल आकर गिरी। इस हमले की चपेट में आने से वहां मौजूद 6 चिकित्सा कर्मियों (Healthcare Workers) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 22 लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं।
हमले की जिम्मेदारी लेते हुए इजरायली सेना (IDF) ने दावा किया कि हिजबुल्लाह के आतंकवादी इजरायल पर रॉकेट हमले की तैयारी कर रहे थे। इसलिए उनके ठिकानों को निशाना बनाकर यह एहतियाती कार्रवाई की गई है।
गाजा में 7 अक्टूबर के हमले का मास्टरमाइंड हमास कमांडर ढेर
लेबनान के अलावा इजरायल ने शुक्रवार को गाजा में भी ताबड़तोड़ एयरस्ट्राइक की। बेंजामिन नेतन्याहू सरकार ने दावा किया है कि इस हमले में हमास के शीर्ष सैन्य कमांडर इज अल दीन अल हाद्दाद को खत्म कर दिया गया है। गौरतलब है कि 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल के एक म्यूजिक कंसर्ट पर हुए भीषण हमले में, जिसमें करीब 1200 लोग मारे गए थे और 250 का अपहरण हुआ था, हाद्दाद की मुख्य भूमिका थी। इस हमले में हाद्दाद की पत्नी और बेटी की भी मौत हो गई है, जिनका शनिवार को गाजा सिटी में अंतिम संस्कार किया गया।
युद्धविराम के बीच जारी है 'छद्म युद्ध'
पश्चिम एशिया में इस युद्ध की शुरुआत के बाद, 16 अप्रैल को अमेरिका की मध्यस्थता में इजरायल और लेबनान युद्धविराम पर सहमत हुए थे। इसके बावजूद दक्षिणी लेबनान में इजरायली सेना के गुप्त हमले लगातार जारी हैं।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, लेबनान में इजरायली हमले शुरू होने से लेकर 16 अप्रैल तक 2,814 लोगों की जान जा चुकी है और 12,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा, 10 लाख से अधिक लोग अपना घर छोड़कर विस्थापित होने को मजबूर हुए हैं।
जून में वाशिंगटन में होगी अगली बैठक
तनाव के बीच, दोनों देशों के शीर्ष अधिकारी इस समय अमेरिका में बातचीत की मेज पर हैं, जहां एक 'सुरक्षा रेखा' (Security Line) का प्रस्ताव रखा गया है। इस मसौदे के आधार पर आगामी 2 और 3 जून को वाशिंगटन में लेबनान और इजरायल के बीच फिर से उच्च स्तरीय बैठक होने जा रही है।