टोक्यो। जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने टाइफून नंबर 15 के कारण बिगड़ते मौसम को देखते हुए लोगों से बेहद सतर्क रहने की अपील की है। टाइफून के चलते देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, बाढ़, भूस्खलन, तेज हवाओं और ऊंची समुद्री लहरों का खतरा बढ़ गया है। प्रधानमंत्री तकाइची ने लोगों से अपील की है कि वे खतरा बढ़ने का इंतजार न करें और जरूरत पड़ने पर समय रहते सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। उन्होंने लोगों से स्थानीय प्रशासन, टीवी, रेडियो और इंटरनेट के जरिए मौसम तथा आपदा संबंधी ताजा जानकारी पर लगातार नजर रखने को कहा है।
पूर्वी जापान की ओर बढ़ रहा टाइफून
प्रधानमंत्री तकाइची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया कि टाइफून नंबर 15 जापान के पूर्वी हिस्से के समुद्र में उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। अनुमान है कि 11 तारीख को यह दक्षिणी तोहोकू और उत्तरी कांटो क्षेत्रों के काफी करीब पहुंच सकता है और तट से टकराने की भी आशंका है। सरकार ने स्थिति पर नजर रखने के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय के संकट प्रबंधन केंद्र में ‘सूचना समन्वय कक्ष’ स्थापित किया है। इसके जरिए लगातार मौसम और आपदा से जुड़ी जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
तोहोकू में भारी बारिश का अलर्ट
तकाइची ने बताया कि तोहोकू क्षेत्र के प्रशांत तटीय हिस्से में 11 तारीख की देर सुबह से देर रात तक भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में भूस्खलन को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। निचले इलाकों में जलभराव और नदियों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी का खतरा भी जताया गया है। कुछ नदियों के उफान पर आने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
तेज हवाओं से नुकसान की आशंका
11 तारीख को सुबह से शाम तक तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके कारण इमारतों को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। समुद्री इलाकों में देर सुबह से देर रात तक ऊंची लहरों और समुद्री उफान का खतरा रहेगा। इससे जहाजों और तटीय सुविधाओं को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
कांटो-कोशिन क्षेत्र में भी खतरा
कांटो-कोशिन क्षेत्र में भी 11 तारीख को दोपहर से देर रात तक ऊंची लहरों, निचले इलाकों में जलभराव और नदियों के जलस्तर बढ़ने का खतरा बना रह सकता है। ऐसे में स्थानीय प्रशासन ने लोगों को मौसम की स्थिति के अनुसार अपनी यात्रा और दैनिक गतिविधियों की योजना बनाने की सलाह दी है।
पीएम तकाइची ने लोगों से क्या कहा?
प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे पहले से अपने आसपास के खतरे वाले क्षेत्रों, सुरक्षित निकासी केंद्रों और वहां पहुंचने के रास्तों की जानकारी हासिल कर लें। उन्होंने कहा कि मौसम और आपदा संबंधी ताजा जानकारी रेडियो, टीवी, इंटरनेट और स्थानीय प्रशासन के माध्यम से लगातार लेते रहें। तकाइची ने विशेष रूप से कहा कि अगर किसी व्यक्ति को थोड़ा भी खतरा महसूस हो तो सुरक्षित स्थान पर जाने में देरी न करें। उन्होंने लोगों से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए समय रहते जरूरी कदम उठाने की अपील की है।