पन्ना दौरे पर पहुंचे मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Jitu Patwari ने प्रधानमंत्री Narendra Modi और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। मीडिया से चर्चा के दौरान पटवारी ने प्रधानमंत्री को “कंप्रोमाइज प्रधानमंत्री” बताते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश की अर्थव्यवस्था कमजोर कर रही है और विदेशी ताकतों के दबाव में काम कर रही है। साथ ही उन्होंने भारत का डाटा अमेरिका को सौंपने और जनता को गुमराह करने जैसे गंभीर आरोप लगाकर सियासी माहौल गरमा दिया।
“सोना मत खरीदो, डीजल मत जलाओ” बयान पर साधा निशाना
जीतू पटवारी ने प्रधानमंत्री के कथित बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ सरकार जनता को डीजल, तेल और सोने की खरीद कम करने की सलाह दे रही है, वहीं दूसरी ओर विदेश यात्राओं पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले देश को “विश्व गुरु” बनाने की बात करती थी, लेकिन अब जनता को खर्च रोकने की सीख दी जा रही है। पटवारी ने आरोप लगाया कि देश की अर्थव्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है और रुपया डॉलर के मुकाबले गिरता जा रहा है।
“देश का डाटा अमेरिका को सौंपा”, भाजपा पर नफरत की राजनीति का आरोप
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र सरकार पर विदेशी दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय समझौतों के जरिए भारत का महत्वपूर्ण डाटा अमेरिका को सौंपा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इससे देश की आर्थिक और रणनीतिक सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। पटवारी ने भाजपा पर समाज में नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा को अगर पलटकर देखा जाए तो एक तरफ भ्रष्टाचार और दूसरी तरफ नफरत दिखाई देती है।