पन्ना में विस्थापितों की लड़ाई अब बड़ा राजनीतिक रूप लेती जा रही है। केन-बेतवा लिंक परियोजना और मझगाँय बांध से प्रभावित ग्रामीणों के समर्थन में आवाज उठाने वाले समाजसेवी अमित भटनागर और पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी भरत मिलन पांडे की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस खुलकर मैदान में उतर आई है। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Jitu Patwari 11 मई को पन्ना पहुँचकर जेल में बंद आंदोलनकारियों से मुलाकात करेंगे और विस्थापितों के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए प्रभावित गांवों का दौरा करेंगे।
जेल में बंद अमित भटनागर और भरत मिलन पांडे से मिलेंगे जीतू पटवारी
पन्ना/ केन-बेतवा लिंक परियोजना और मझगाँय बांध विस्थापन को लेकर पन्ना में चल रहा संघर्ष अब पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है। विस्थापित ग्रामीणों की आवाज उठाने वाले समाजसेवी अमित भटनागर और पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी भरत मिलन पांडे की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार विकास के नाम पर किसानों, आदिवासियों और ग्रामीणों की जमीनें छीन रही है और विरोध करने वालों को जेल भेजकर आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Jitu Patwari 11 मई को पन्ना के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनीश खान ने बताया कि जीतू पटवारी सुबह 11 बजे पन्ना पहुंचेंगे और सबसे पहले जिला जेल जाकर आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए अमित भटनागर और भरत मिलन पांडे से मुलाकात करेंगे। कांग्रेस इस गिरफ्तारी को “लोकतंत्र की हत्या” और “जनआवाज का दमन” बता रही है।
“विस्थापितों की लड़ाई सड़क से विधानसभा तक जाएगी
प्रभावित गांवों में पहुंचकर सरकार के खिलाफ हुंकार भरेंगे पटवारी जेल मुलाकात के बाद जीतू पटवारी अजयगढ़ ब्लॉक के विश्रामगंज पहुंचेंगे, जहां रुँझ और बालूपुर के मझगाँय बांध विस्थापितों से सीधा संवाद करेंगे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वर्षों से प्रभावित ग्रामीण मुआवजे और पुनर्वास के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार केवल आश्वासन दे रही है। जब ग्रामीणों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया तो उन पर मुकदमे दर्ज कर गिरफ्तारियां कर दी गईं। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कलेक्टर पन्ना से मुलाकात कर विस्थापितों की मांगों को उठाएंगे। दौरे के अंतिम चरण में वे गहदरा पहुंचकर केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों से भेंट करेंगे और आंदोलन को समर्थन देंगे। कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा है कि यदि सरकार ने विस्थापितों की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में बड़ा जनआंदोलन बनाया जाएगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनीश खान ने पार्टी कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होकर “जनसंघर्ष की आवाज बुलंद” करने की अपील की है।