पाकिस्तान के कराची में बुधवार को आए भीषण आंधी-तूफान और तेज बारिश ने भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं और बारिश के बीच कई हादसे हुए, जिनमें कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
दीवार गिरने से सबसे बड़ा हादसा
सबसे दर्दनाक घटना बाल्डिया टाउन इलाके में हुई, जहां एक दीवार ढहने से 13 लोगों की जान चली गई। ये लोग बारिश से बचने के लिए दीवार के पास खड़े थे, लेकिन तेज तूफान के कारण दीवार अचानक गिर गई।
अलग-अलग हादसों में गई कई जानें
शहर के अन्य इलाकों में भी हादसे सामने आए। कुरंगी नंबर 3 में छत गिरने से एक महिला की मौत हो गई। मेमन गोठ में एक व्यक्ति की करंट लगने से जान चली गई। वहीं गुलिस्तान-ए-जौहर में 4 साल की बच्ची और नीलम कॉलोनी में एक महिला की मौत दीवार और पेड़ गिरने से हो गई।
97 किमी/घंटा तक चली हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार, तूफान के दौरान हवाओं की रफ्तार करीब 97 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई, जिससे हालात बेकाबू हो गए।
शहर में मची अफरा-तफरी
तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए, घरों की छतें उड़ गईं और बिजली के खंभे गिर गए। सड़कों पर मलबा फैलने से यातायात बाधित हो गया। कई इलाकों में बिजली सप्लाई ठप हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
राहत-बचाव कार्य जारी
Rescue 1122 की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। मौसम विभाग ने आने वाले समय में भी खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घरों में सुरक्षित रहें और बिना जरूरी काम के बाहर न निकलें।
Comments (0)