Quetta में रविवार को हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। रेलवे ट्रैक के पास हुए धमाके में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मृतकों में सेना के कई जवान भी शामिल हैं।
समाचार एजेंसी AFP के मुताबिक, चमन फाटक के पास से एक ट्रेन गुजर रही थी, तभी विस्फोटकों से लदी एक कार ने ट्रेन के एक डिब्बे को टक्कर मार दी। इसके तुरंत बाद जोरदार धमाका हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
धमाके से कई वाहन तबाह, आसपास की इमारतों को भी नुकसान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार विस्फोट रेलवे ट्रैक के बेहद करीब हुआ, जिससे ट्रेन को आंशिक नुकसान पहुंचा है। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास खड़ी कम से कम 10 गाड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
विस्फोट के प्रभाव से नजदीकी इमारतों की खिड़कियां और कांच के पैनल भी टूट गए। घटनास्थल पर धुएं का गुबार और चीख-पुकार का माहौल देखने को मिला।
अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित
घटना के बाद क्वेटा के सभी सरकारी अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दिया गया है। अतिरिक्त डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को तुरंत ड्यूटी पर बुलाया गया है। गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में जारी है।
जाफर एक्सप्रेस रोकी गई, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
धमाके के बाद एहतियात के तौर पर पेशावर जाने वाली Jaffar Express को क्वेटा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया।
प्रांतीय गृह मंत्री के प्रवक्ता Babar Yousafzai ने बताया कि सभी सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने लोगों से घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाने की अपील की ताकि राहत और बचाव कार्य में कोई बाधा न आए।
जांच शुरू, सुरक्षा बल मौके पर तैनात
धमाके के तुरंत बाद सुरक्षा बल और राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल बचाव अभियान जारी है और विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे आतंकी साजिश की भी जांच की जा रही है।