प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन देशों के विदेश दौरे के पहले चरण में इंडोनेशिया पहुंच गए हैं। जकार्ता की हवाई सीमा में प्रवेश करते ही इंडोनेशियाई वायुसेना के सुखोई और F-16 लड़ाकू विमानों ने उनके विमान को एयर एस्कॉर्ट देकर विशेष सम्मान दिया। यह स्वागत दोनों देशों के मजबूत होते रणनीतिक रिश्तों का संकेत माना जा रहा है।
ब्रह्मोस समझौते पर बन सकती है सहमति
भारत और इंडोनेशिया के बीच लंबे समय से चल रही ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल को लेकर बातचीत निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है। माना जा रहा है कि इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को नई दिशा देने वाला अहम समझौता हो सकता है।
रक्षा और समुद्री सुरक्षा पर होगी अहम चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के बीच होने वाली बैठक में रक्षा साझेदारी, समुद्री सुरक्षा, व्यापार, निवेश, क्रिटिकल मिनरल्स, शिक्षा और स्वास्थ्य समेत कई रणनीतिक विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी। दोनों देशों के बीच कई द्विपक्षीय समझौतों की भी संभावना जताई जा रही है।
आर्थिक साझेदारी को भी मिलेगा बढ़ावा
इंडोनेशिया दुनिया के प्रमुख क्रिटिकल मिनरल्स उत्पादक देशों में शामिल है। ऐसे में दोनों देशों के बीच इस क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी विशेष जोर रहेगा। इससे भारत की सप्लाई चेन और रणनीतिक संसाधनों की उपलब्धता को मजबूती मिल सकती है।
आगे ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड का दौरा
इंडोनेशिया यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड का दौरा करेंगे, जहां क्षेत्रीय सहयोग और आर्थिक साझेदारी को लेकर कई महत्वपूर्ण बैठकों का कार्यक्रम तय है।