प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में इटली पहुंचे, जहां राजधानी रोम में उनका भव्य स्वागत किया गया। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने खुद सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “रोम में आपका स्वागत है मेरे दोस्त।” इस पोस्ट के बाद दोनों नेताओं की मुलाकात एक बार फिर चर्चा में आ गई।
रोम में भारतीय समुदाय ने किया गर्मजोशी से स्वागत
रोम पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का भारतीय समुदाय ने जोरदार स्वागत किया। होटल पहुंचने पर बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय मौजूद रहे। पीएम ने लोगों से मुलाकात की, बच्चों से बातचीत की और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी देखा। एक बच्चे ने पीएम मोदी को उनका बनाया चित्र भेंट किया, जिस पर उन्होंने ऑटोग्राफ भी दिया। इस दौरान माहौल उत्साह से भरा रहा।
सनातन धर्म संघ को मिली मान्यता
भारतीय समुदाय की सदस्य स्वामिनी शुद्धानंदा घिरी ने बताया कि यह उनकी प्रधानमंत्री मोदी से दूसरी मुलाकात है। उन्होंने कहा कि 2021 में पहली बार मुलाकात हुई थी और तब से उनके मिशन को सहयोग मिला। उन्होंने बताया कि सनातन धर्म संघ को इटली की संसद द्वारा आधिकारिक धर्म के रूप में मान्यता दी गई है, जिसे भारतीय समुदाय बड़ी उपलब्धि मान रहा है।
वाराणसी घाट की पेंटिंग ने खींचा ध्यान
प्रधानमंत्री मोदी ने रोम में एक इटैलियन कलाकार द्वारा बनाई गई वाराणसी घाटों की पेंटिंग भी देखी। कलाकार ने बताया कि यह उनके जीवन का खास पल था। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने पेंटिंग के बारे में विस्तार से पूछा और हाथ मिलाकर बातचीत की। कलाकार ने कहा कि उनकी कला भारत की संस्कृति और आध्यात्मिकता से प्रेरित है।
सांस्कृतिक प्रस्तुति से सजा कार्यक्रम
पीएम मोदी के स्वागत में कलाकारों ने भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य की प्रस्तुति दी। एक कलाकार ने बताया कि उन्होंने राग हंसध्वनि पर आधारित पारंपरिक धुन प्रस्तुत की। कई कलाकारों ने मिलकर भारतीय संस्कृति की झलक पेश की। कलाकारों ने कहा कि प्रधानमंत्री के सामने प्रस्तुति देना गर्व का क्षण रहा।
भारत-इटली रिश्तों को नई मजबूती
भारत और इटली के संबंध हाल के वर्षों में तेजी से मजबूत हुए हैं। दोनों देश 2025-2029 संयुक्त रणनीतिक कार्ययोजना के तहत व्यापार, निवेश, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, विज्ञान और तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा रहे हैं। साल 2025 में दोनों देशों के बीच व्यापार 16.77 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। वहीं अप्रैल 2000 से सितंबर 2025 तक इटली से भारत में 3.66 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आया है।
पहले नॉर्वे समेत चार देशों का किया दौरा
इटली से पहले पीएम मोदी Norway पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने Sweden, Netherlands और United Arab Emirates का दौरा किया। यह यात्रा भारत के यूरोप और पश्चिम एशिया के साथ बढ़ते कूटनीतिक रिश्तों के लिहाज से अहम मानी जा रही है।