क्वेटा: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में सोमवार को एक बड़ा आत्मघाती आतंकी हमला हुआ। सैन्य छावनी (कैंटोनमेंट) क्षेत्र के पास ‘चमन फाटक’ से रवाना हो रही एक शटल ट्रेन को विस्फोटकों से भरे वाहन ने निशाना बनाया। इस भीषण धमाके में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाके के कारण ट्रेन पटरी से उतर गई और आसपास के इलाके में भारी नुकसान हुआ।
ईद की छुट्टी पर घर लौट रहे थे सैन्यकर्मी और परिवार
जानकारी के अनुसार, ट्रेन में बड़ी संख्या में पाकिस्तानी सैन्यकर्मी और उनके परिवार सवार थे, जो ईद की छुट्टियों के लिए अपने घर जा रहे थे। हमला ट्रेन के रवाना होते ही किया गया, जिससे कई डिब्बों को गंभीर नुकसान पहुंचा और अफरा-तफरी मच गई।
24 लोगों की मौत, 100 से ज्यादा घायल
प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, मृतकों में सैन्यकर्मी और आम नागरिक दोनों शामिल हैं। घायलों की संख्या 100 के पार पहुंच गई है। विस्फोट का असर आसपास की रिहायशी इमारतों और अपार्टमेंट्स तक महसूस किया गया, जिससे स्थानीय लोग भी इसकी चपेट में आए।
बलूच लिबरेशन आर्मी ने ली हमले की जिम्मेदारी
प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी के मजीद ब्रिगेड ने इस ‘फिदायीन’ की जिम्मेदारी ली है। संगठन ने दावा किया कि हमला सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर किया गया।
शहबाज शरीफ ने की निंदा, अस्पताल अलर्ट पर
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। वहीं, सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। क्वेटा के अस्पतालों में आपात स्थिति घोषित कर दी गई है ताकि घायलों का तत्काल इलाज किया जा सके।
क्षेत्र में बढ़ी सुरक्षा चिंता
इस हमले ने बलूचिस्तान में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ईद से पहले हुए इस बड़े हमले ने पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर ला दिया है।